अफीम खेती के मुद्दे पर कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव, दुर्ग में प्रदर्शन

12 मार्च 2026

लेखक: अजय वर्मा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दुर्ग जिले के समोदा गांव और बलरामपुर में सामने आए अफीम खेती के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने “सुशासन मतलब सूखा नशा आसन”, “प्रदेश में सूखा नशे का जाल कानून व्यवस्था बदहाल” और “विष्णुदेव साय जवाब दो” जैसे नारे लगाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदर्शन

यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में किया गया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रत्नाबांधा रोड से भाजपा के विवेकानंद गली नंबर 4 स्थित जिला कार्यालय की ओर कूच कर रहे थे। हालांकि रास्ते में पुलिस प्रशासन ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली और कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए बल का प्रयोग किया।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में नशे का कारोबार भाजपा के संरक्षण में फल-फूल रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि समोदा गांव के एक फार्म हाउस में करीब 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने का खुलासा हुआ है और यह खेती भाजपा से जुड़े एक नेता के संरक्षण में की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती संभव नहीं है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिस व्यक्ति के फार्म हाउस में अफीम की खेती की बात सामने आई है वह भाजपा का सक्रिय पदाधिकारी है और उसकी तस्वीरें कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर मौजूद हैं।

कड़ी कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर की भूमिका गंभीर है, लेकिन उन्हें मुख्य आरोपी बनाने के बजाय सह-अभियुक्त बनाया गया है। पार्टी का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को सिर्फ निलंबित करने के बजाय तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, शरद लोहाना, पूर्व महापौर विजय देवांगन, विपिन साहू, नीशू चंद्राकर, कविता बाबर, नीलम चंद्राकर, मनीषा साहू, आलोक जाधव, योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Disclaimer

यह समाचार उपलब्ध जानकारी और विभिन्न स्रोतों के आधार पर तैयार किया गया है। मामले से संबंधित आधिकारिक जानकारी या किसी पक्ष की प्रतिक्रिया के लिए संबंधित विभाग या अधिकृत स्रोत द्वारा जारी बयान को ही अंतिम माना जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *